राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम एवं पुलिस विभाग ने बुधवार को मुख्य बाजार क्षेत्रों में संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के तहत रेलवे स्टेशन मार्ग, गोल बाजार और झंडा बाजार सहित व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में सड़कों एवं फुटपाथों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और व्यापारियों को निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना व्यवसाय संचालित करने की समझाइश दी गई। वहीं फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर अस्थायी रूप से सब्जी एवं फुटकर व्यवसाय कर रहे लोगों को हटाकर निर्धारित हॉकर्स जोन में भेजने की कार्रवाई भी की गई।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अभियान के बाद बाजार क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम हुआ है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने लगी है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्गों एवं फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम बनाने में सहयोग करें तथा सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें, जिससे सभी नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।