किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
गरियाबंद।
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा में पुरानी रंजिश के चलते एक दंपति की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपियों ने हत्या के बाद दोनों के शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया, ताकि घटना का किसी को पता न चल सके।
घटना का खुलासा करीब एक सप्ताह बाद हुआ, जब ग्रामीणों को श्मशान घाट में संदिग्ध तरीके से दफनाए गए शवों की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को वजह माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।
इस दोहरे हत्याकांड के सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने मामले में आगे की जांच तेज कर दी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।