किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
अंबिकापुर/बलरामपुर।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती कार्रवाई करते हुए करीब 20 क्विंटल गांजा से भरे एक 16 चक्का ट्रक को जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर शुक्रवार तड़के बसंतपुर पुलिस ने संदेह के आधार पर ट्रक की जांच की। तलाशी के दौरान ट्रक में लदी चूने की बोरियों के नीचे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था, जिसे उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।
कार्रवाई में पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्कर एवं ट्रक मालिक लोकेश शर्मा (46), निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा उसके सहयोगी आमिस अंसारी (23), निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करों ने ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा लोड किया था और जशपुर जिले के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोकेश शर्मा का संबंध 2025 में पकड़ी गई 12 क्विंटल गांजा खेप से भी जुड़ा हुआ है और वह उस मामले का मुख्य आरोपित है। इस कार्रवाई को बलरामपुर जिले में अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती माना जा रहा है।
पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं तथा गांजे की आपूर्ति और वितरण का नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ है।