राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आयोजित 11 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर-2026 बच्चों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी मंच बनकर उभर रहा है। 5 जून से प्रारंभ हुए इस शिविर में निगम विद्यालयों के 284 छात्र-छात्राएं खेल, कला, संगीत, संस्कृति और जीवन कौशल की विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। शिविर के नौवें दिन भी विद्यार्थियों का उत्साह और सहभागिता देखने लायक रही।
नगर निगम द्वारा संचालित यह विशेष शिविर तीन विद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। लगभग 20 अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकों का सहयोग भी शिविर की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
साधुराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में खेल गतिविधियों के अंतर्गत स्केटिंग, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी एवं टेबल टेनिस का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें 113 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। वहीं के.सी.एस. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 109 विद्यार्थियों को पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, कुकिंग, शतरंज और सेल्फ डिफेंस जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ए. रविन्द्रराव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 62 छात्र-छात्राएं कत्थक, वेस्टर्न डांस, क्लासिकल म्यूजिक, गायन एवं वादन की विधाओं में अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं।
प्रशिक्षकों के अनुसार नियमित अभ्यास और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अनुशासन और रचनात्मकता में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। शिविर बच्चों को केवल नई गतिविधियां सिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ कौशल आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें। प्रशासन का मानना है कि प्रत्येक बच्चे में विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित मंच और मार्गदर्शन मिलने पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता यह साबित कर रही है कि अवकाश का समय भी सीखने और स्वयं को विकसित करने का सुनहरा अवसर बन सकता है। नगर निगम का यह प्रयास बच्चों की प्रतिभा को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।