राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
राज्यसभा चुनाव में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में शनिवार शाम युवक कांग्रेस ने शहर के कचहरी चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वॉटर कैनन का सहारा लिया।
युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कचहरी चौराहे पर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने नामांकन निरस्त किए जाने को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। जब कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन का प्रयास किया तो मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते कुछ समय तक धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक की स्थिति बनी रही।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का प्रयोग किया, जिससे प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए। इस दौरान चौराहे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में न्याय नहीं मिला तो युवक कांग्रेस ब्लॉक स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक आंदोलन को और तेज करेगी।
महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव सौम्या रंधेलिया ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि एक गांधीवादी विचारधारा की महिला नेता के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है और कांग्रेस इसका विरोध जारी रखेगी।
प्रदर्शन में ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शुभम मिश्रा, प्रदेश सचिव अजय खटिक, विधानसभा अध्यक्ष सचिन गर्ग, आईटी सेल प्रदेश उपाध्यक्ष शशांक गुप्ता, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव एडवोकेट रश्मि अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।