कैमोर।
आगामी मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द्र एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कैमोर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में मुख्य रूप से एसडीएम विवेक गुप्ता, एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे, थाना प्रभारी आशीष शर्मा, नगर परिषद उपाध्यक्ष संतोष केवट, भाजपा मंडल अध्यक्ष भवानी राजा मिश्रा, नमित ग्रोवर सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने मोहर्रम पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति को पहले से चिन्हित कर उसका समाधान करने पर चर्चा की। बैठक में उपस्थित लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
बैठक में सभी उपस्थित लोगों ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट