गोंदिया जिले में अवैध सुगंधित तंबाकू के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रावणवाड़ी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर लाखों रुपये का तंबाकू, मशीनरी और एक चारपहिया वाहन जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध तंबाकू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
रावणवाड़ी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ढीमरटोला गांव के समीप एक मकान में ईगल और होला ब्रांड के सुगंधित तंबाकू का बड़ा भंडार रखा गया है तथा उसे चारपहिया वाहन के माध्यम से बाहर भेजा जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई और संदिग्ध स्थान पर रातभर निगरानी रखी गई।13 जून 2026 की सुबह पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए आरोपी मयूर मनोहर बाकड़े के कब्जे से बड़ी मात्रा में सुगंधित तंबाकू बरामद किया। कार्रवाई के दौरान ईगल और होला ब्रांड के तंबाकू के कई बोरे, खुला तंबाकू, तंबाकू पैकिंग मशीन, वजन कांटे और अन्य सामग्री जब्त की गई।पुलिस ने मौके से किआ कंपनी की सफेद रंग की कार क्रमांक CG-04/PA-2164 भी जब्त की है। जब्त किए गए माल और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 15 लाख 48 हजार 600 रुपये बताई गई है।गोंदिया जिले के रावणवाड़ी पुलिस स्टेशन द्वारा की गई इस कार्रवाई को अवैध तंबाकू कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
संवाददाता
तामेश्वर पंधरे संभाग ब्यूरो चीफ नागपुर