राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा फाटक के समीप रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में यात्री बस और ओवरलोड हाइवा की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बस में सवार एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यात्री बस क्रमांक एमपी-19-पी-0347 लमतरा फाटक के पास पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे ओवरलोड हाइवा से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत दल की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए तथा गंभीर मरीजों के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने भी जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकीय दल से चर्चा कर उपचार की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है, वहीं प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।