राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा ब्रिज के समीप हुए भीषण बस हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने शोक संदेश में कहा कि लमतरा ब्रिज के पास हुई सड़क दुर्घटना में बस यात्रियों के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे और उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।