संतन दास रिपोर्टर
गरियाबंद
ग्राम फुलझर, थाना फिंगेश्वर क्षेत्र के निवासी योगेश्वर साहू ने अपने खिलाफ दर्ज हुई फर्जी FIR और पुलिस की एकतरफा कार्यवाही के विरोध में राज्यपाल को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
योगेश्वर साहू, पिता डीहू राम साहू, माँ घटारानी मंदिर परिसर में चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पीड़ित का आरोप है कि गांव के संतु ध्रुव, घनश्याम सेन एवं मानिक यादव के भड़काने पर नरोत्तम ध्रुव ने थाना फिंगेश्वर में उनके विरुद्ध झूठी FIR दर्ज करवा दी।
योगेश्वर का कहना है कि थाना प्रभारी, फिंगेश्वर ने मामले की कोई निष्पक्ष जांच किए बिना एकतरफा कार्यवाही कर दी। इस मिथ्या कार्यवाही से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और पूरा परिवार मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक रूप से प्रताड़ित हो रहा है।
पीड़ित ने पत्र में लिखा कि वे शांतिप्रिय नागरिक हैं और गांव के किसी विवाद से उनका कोई संबंध नहीं है। इसकी पुष्टि ग्रामवासी भी कर सकते हैं। स्थानीय स्तर पर न्याय न मिलने की आशंका के चलते उन्होंने राज्यपाल से संरक्षण की अपेक्षा जताई है।
योगेश्वर साहू ने राज्यपाल से मांग की है कि जिला पुलिस अधीक्षक, गरियाबंद को मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए जाएं। साथ ही झूठी FIR कराने वाले, झूठे गवाह और लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर कठोर कार्यवाही की जाए।
पीड़ित ने बताया कि वे पत्र की प्रतिलिपि SP गरियाबंद, IG रायपुर रेंज और मुख्यमंत्री कार्यालय को भी भेज रहे हैं।
क्या कहते हैं ग्रामीण:
नाम न छापने की शर्त पर कई ग्रामीणों ने बताया कि योगेश्वर साहू सीधे-सादे व्यक्ति हैं और मंदिर परिसर में दुकान चलाते हैं। गांव में उनके झगड़े की कोई जानकारी नहीं है।
फिलहाल पुलिस का पक्ष नहीं मिल सका है।