छत्तीसगढ़ दुर्ग।
भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से स्क्रैप चोरी के बहुचर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजय सिंह को उत्तर प्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार कर दुर्ग लाया गया है।
शहर एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि 26 मई को ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट नंबर 18 ए/05, एचआईए हथखोज, भिलाई में जांच के दौरान बड़े पैमाने पर बीएसपी स्क्रैप चोरी का खुलासा हुआ था।
जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा फ्लू डस्ट की आड़ में ट्रकों और हाइवा वाहनों में चोरी की गई लोहे की प्लेटें, बीम और कटिंग सामग्री की अवैध ढुलाई की जा रही थी। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में स्क्रैप जब्त कर मामले की जांच शुरू की थी।
मुख्य आरोपी संजय सिंह घटना के बाद से फरार था। पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी तलाश जारी रखी और आखिरकार उसे उत्तर प्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर स्क्रैप चोरी के पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य लोगों और अवैध कारोबार के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।