किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बिलासपुर।
वर्षा ऋतु की शुरुआत के साथ ही बिलासपुर प्रशासन ने जिले की सभी रेत खदानों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण और नदियों के प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
आदेश के तहत जिले की सभी रेत खदानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंद अवधि के दौरान यदि कोई व्यक्ति अवैध रेत उत्खनन, भंडारण या परिवहन करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी और नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने संबंधित विभागों, पुलिस और राजस्व अमले को संयुक्त रूप से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान नदियों में अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन संचालकों से भी अपील की है कि वे अवैध रेत परिवहन में शामिल न हों और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। इस निर्णय का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग को सुनिश्चित करना है।