किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज
भिलाई।
नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत लगातार तीसरे दिन भी बुलडोजर कार्रवाई जारी रही। बुधवार को निगम की टीम ने नंदिनी रोड क्षेत्र में अवैध कब्जों पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया और सड़क व सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया।
निगम अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण और अस्थायी कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
गौरतलब है कि निगम पिछले तीन दिनों से लगातार अतिक्रमण हटाने का अभियान चला रहा है। इससे पहले मंगलवार को जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्र के वार्ड-24 स्थित हाउसिंग बोर्ड फौजी नगर में नाली पर किए गए अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर हटाया गया था।
नगर निगम का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, जल निकासी की समस्या दूर करने और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं, निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सरकारी भूमि और नालियों पर अवैध कब्जा न करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।