शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) द्वारा हाईस्कूल परीक्षा 2026 का परिणाम 23 अप्रैल को घोषित किए जाने के लगभग दो महीने बाद भी जिले में छात्रों के मूल अंकपत्र (मार्कशीट) नहीं पहुंचे हैं। इससे हजारों छात्र-छात्राओं को आगे की कक्षाओं में प्रवेश लेने और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के छात्रों के अंकपत्र अभी तक जिले के विद्यालयों उपलब्ध नहीं हो सके हैं। परिणाम घोषित होने के बाद से छात्र लगातार विद्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें हर बार इंतजार करने की सलाह दी जा रही है।
छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ती जा रही है क्योंकि नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश प्रक्रिया तेजी से चल रही है और कई संस्थानों में मूल अंकपत्र की मांग की जा रही है। बिना मूल अंकपत्र के छात्रों को प्रवेश लेने में परेशानी हो रही है।
विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय जाने पर उन्हें यही जानकारी मिलती है कि अंकपत्र अभी तक नहीं पहुंचे हैं। उनके पास केवल ऑनलाइन या अस्थायी अंकपत्र ही उपलब्ध हैं, जो कई जगहों पर प्रवेश के लिए मान्य नहीं हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सिद्धार्थनगर अरुण कुमार ने बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के अंकपत्र अभी तक जनपद में प्राप्त नहीं हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जून माह के अंत तक अंकपत्र उपलब्ध हो जाएंगे। अंकपत्र प्राप्त होते ही उन्हें संबंधित विद्यालयों को भेजकर छात्रों में वितरित कराया जाएगा।