न्यायालय आपके द्वार” अभियान से लोगों को मिल रही राहत, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मामलों का निस्तारण
झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी की पहल पर संचालित “न्यायालय आपके द्वार” अभियान के तहत जनसामान्य को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इस व्यवस्था के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय आए बिना ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपनी समस्याएं रखने और मामलों के निस्तारण की सुविधा मिल रही है।
मंगलवार को आयोजित सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व, स्टांप तथा विभिन्न प्रशासनिक मामलों की समीक्षा की। साथ ही कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई करते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए।
सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति को नियमानुसार मुचलके पर पाबंद किए जाने के आदेश जारी किए गए, जबकि तीन व्यक्तियों के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त कुछ भूमि एवं स्टांप संबंधी मामलों में तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करने के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि “न्यायालय आपके द्वार” अभियान का उद्देश्य आमजन को समयबद्ध और पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराना है। इस पहल से लोगों के समय और धन की बचत हो रही है तथा प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आई है।
सुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Shakti Singh reporter jhansi