दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर आज दुद्धी स्थित कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्था के मानकों की गहन जांच की गई। लखनऊ में हाल में कोचिंग सेंटर में हुई घटना और सूबे के मुखिया की सख्ती के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में अभियान तेज कर दिया है।
बुधवार को एसडीएम निखिल यादव के नेतृत्व में फायर टीम के सब-इंस्पेक्टर करन सिंह यादव तथा दुद्धी थाने के इंस्पेक्टर डी.के. सिंह ने कई कोचिंग और लाइब्रेरी सेंटरो का निरीक्षण व छापेमारी की। टीम सबसे पहले जाया डिजिटल लाइब्रेरी पहुंची जहाँ कई छात्र पढ़ते हुए मिले। वहां निकास मार्ग और हवादार खिड़की आदि की व्यवस्थित सुविधा न होने पर कड़ी फटकार लगाते हुए सेंटर को सील कर दिया गया।
इसके बाद सत्येश कोचिंग सेंटर पर पहुंची टीम ने संस्थान संचालक को मौके पर पाया। संचालक को चेतावनी देते हुए कहा गया कि संबंधित कागजात पूर्ण रूप से प्रस्तुत न करने तक कोचिंग बंद रखी जाए; अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने डीसीएफ स्थित सक्सेस लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया, जहां कई छात्र पढ़ रहे थे। वहां फायर एनओसी नहीं मिलने व भवन उपयोग के प्रकार के संदर्भ में अनियमितताएँ पाई गईं, इसलिए एसडीएम ने उक्त लाइब्रेरी को भी सील कर दिया।
एसडीएम निखिल यादव ने बताया कि दुद्धी क्षेत्र में संचालित कोचिंग एवं लाइब्रेरी संस्थानों का विस्तार से निरीक्षण किया गया। जिन संस्थानों को मानक के विपरीत पाया गया, उन पर कड़ी कार्रवाई की गई है। वर्तमान में दो डिजिटल लाइब्रेरी जाया डिजिटल एवं डीसीएफ स्थित सक्सेस लाइब्रेरी को सील किया गया है, जबकि अन्य कई कोचिंग संस्थानों को मानकों के पालन के लिए सख्त चेतावनी दी गई है। यदि भविष्य में उन्हें मानक के अनुरूप नहीं पाया गया तो उनके विरुद्ध बीएनएस की धारा के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।