✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
आरक्षक पर हमला करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, फरारी की तैयारी में थे आरोपी
कटनी। कोतवाली पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक के साथ मारपीट, अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चाकू भी बरामद किए गए, जिसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 की देर रात एफआरव्ही-05 में तैनात आरक्षक रूपेश यादव को गांधी स्कूल के पीछे चाण्डक चौक क्षेत्र से उत्पात मचाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच के बाद लौटते समय आजाद चौक के पास एक स्कूटी पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। इसी दौरान युवकों ने पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता शुरू कर दी और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए मारपीट कर दी। आरोप है कि एक युवक ने नुकीली वस्तु से हमला कर आरक्षक को घायल कर दिया, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। आरक्षक रूपेश यादव की शिकायत पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 679/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने बोहता बायपास क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चाकू बरामद हुए, जिसके चलते प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 का भी इजाफा किया गया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में पारस उर्फ गप्पू बर्मन निवासी बाबली टोला, अभिलाष उर्फ अब्बू सेन निवासी कैलवारा फाटक तथा गणेश उर्फ गन्नू रजक निवासी हीरापुर कौड़िया शामिल हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।