राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी ने दूर-दराज से पहुंचे 179 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, जिला प्रबंधक लोक सेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई में ग्राम बन्दरी निवासी सुरेश कुमार कुशवाहा ने सीसी रोड निर्माण कार्य में 16 दिनों तक मजदूरी करने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत बड़वारा को प्रकरण का शीघ्र निराकरण कर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, कन्हवारा निवासी बाबूलाल समना रौतेल ने अपने नाती का आधार कार्ड नहीं बनने से पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी दी। कलेक्टर ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को आवश्यक कार्रवाई कर जल्द समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में ग्राम बगवारा के 70 वर्षीय मंगल पटेल ने पड़ोसी द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर खेत तक जाने का रास्ता बंद किए जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने तहसीलदार बरही को नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम डीघी निवासी राजीव कुमार तिवारी ने गांव के शासकीय हैंडपंप के बंद होने से उत्पन्न पेयजल संकट से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग को तत्काल हैंडपंप सुधारकर पेयजल व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।