राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और गंभीर आपराधिक घटनाओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहर ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि हाल के दिनों में शहर में चाकूबाजी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। विशेष रूप से लखेरा क्षेत्र में हुई युवक की हत्या सहित अन्य वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का भय कम होता दिखाई दे रहा है, जिसके चलते उनके हौसले बुलंद हैं।
कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शहर में विशेष अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, अवैध हथियार लेकर घूमने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो तथा थाना स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही चाकूबाजी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो जिला कांग्रेस कमेटी शहर आम नागरिकों की सुरक्षा और जनहित के मुद्दे पर वृहद जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अजय जैसवानी, सुशील जायसवाल, मंडलम अध्यक्ष राजकुमार विश्वकर्मा, नगरीय निकाय प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्याम यादव, उपाध्यक्ष विष्णु पटेल, रमेश अहिरवार, अंशु गुप्ता एवं हर्षित मिश्रा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।