राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। नो-एंट्री में घुसे रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क पर घिसटती चली गई। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए
कटनी के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत कटनी-दमोह-पन्ना मार्ग पर साईं मंदिर के पास गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार रेत से भरे ट्रक ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि ट्रक नो-एंट्री के दौरान शहर में प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान उसने आगे चल रही कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क पर घूम गई और घिसटती चली गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इतनी भीषण दुर्घटना के बावजूद कार सवारों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ट्रक का नंबर MP20 GA 6090 बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि नो-एंट्री के दौरान ट्रक शहर में कैसे पहुंचा और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियां क्या थीं।
यह घटना एक बार फिर शहर में नो-एंट्री नियमों के पालन और भारी वाहनों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।