राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में मानसून की पहली बारिश के साथ ही नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए स्वच्छता दूतों और स्वास्थ्य अमले ने मैदान संभाल लिया। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी गई और जहां भी पानी भरने की स्थिति बनी, वहां तत्काल कार्रवाई कर जल निकासी सुनिश्चित की गई।
नगर निगम की टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान चोक नालियों और नालों की तुरंत सफाई कराई गई, जबकि जल निकासी में बाधा बनने वाले कचरे, पॉलीथिन और मलबे को हटाया गया।
पहली ही बारिश में नगर निगम की तैयारियां असरदार दिखाई दीं। बारिश के दौरान भी स्वास्थ्य विभाग का अमला लगातार फील्ड में मौजूद रहा और हालात पर नजर बनाए रखी। जहां कहीं भी पानी जमा हुआ, वहां स्वच्छता दूतों ने मौके पर पहुंचकर त्वरित जल निकासी कराई, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
नगर निगम का कहना है कि वर्षाकाल के दौरान जलभराव वाले सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जलभराव की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करें।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या मलबा न डालें, ताकि वर्षा जल की निकासी सुचारु बनी रहे। प्रशासन का दावा है कि नागरिकों के सहयोग और निगम की सतत निगरानी से इस मानसून में जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा।