राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने जनजागरूकता की मुहिम तेज कर दी है। “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत जिलेभर में स्कूलों, कृषि उपज मंडियों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए गए। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि थोड़ी सी सावधानी बड़ी आर्थिक हानि से बचा सकती है।
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में 15 दिवसीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कटनी जिले में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने स्कूलों, कृषि उपज मंडियों, बैंकों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। इस दौरान ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाएं, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी और केवाईसी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड फ्रॉड और साइबर बुलिंग जैसे मामलों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर नागरिकों को “सायबर स्वच्छता” की शपथ भी दिलाई गई।
कटनी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने या अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप इंस्टॉल करने से बचें। ऑनलाइन भुगतान करने से पहले वेबसाइट की सत्यता जांचें और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखें। इसके अलावा मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि बिजली बिल, केवाईसी अपडेट, लॉटरी, नौकरी, निवेश या इनाम के नाम पर आने वाले फर्जी संदेशों से सतर्क रहें। किसी भी क्यूआर कोड को बिना समझे स्कैन न करें और सार्वजनिक वाई-फाई पर बैंकिंग लेन-देन करने से बचें। मोबाइल और कंप्यूटर का सॉफ्टवेयर नियमित रूप से अपडेट रखें तथा केवल विश्वसनीय वेबसाइट या ऐप से ही ऑनलाइन खरीदारी करें।
:
यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है, तो बिना समय गंवाए अपने नजदीकी पुलिस थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा www.cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है।
:
“सतर्क रहें… सजग रहें… सुरक्षित रहें।”