राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी के घंटाघर बाजार में किराना व्यापारी से अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है। आइए जानते हैं पूरी खबर।
कटनी शहर के व्यस्त घंटाघर बाजार में एक किराना व्यापारी से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और रुपये नहीं देने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों पर कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 को दुबे कॉलोनी निवासी किराना व्यापारी ईश्वर लाल गेई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी घंटाघर बाजार स्थित “रामचंद्र एंड संस” दुकान पर छोटू उर्फ गिरधारी निषाद और शुभम उर्फ शिब्बू शाण्डिल्य पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जुहला बायपास स्थित अमन ढाबा के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांधीगंज निवासी छोटू उर्फ गिरधारी निषाद और अशोक कॉलोनी निवासी शुभम उर्फ शिब्बू शाण्डिल्य के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि शुभम उर्फ शिब्बू शाण्डिल्य के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। बाजार क्षेत्र में रंगदारी, अवैध वसूली, धमकी और गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।