राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने लोक निर्माण शाखा की समीक्षा बैठक में अधिकारियों और ठेकेदारों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने लंबित और स्वीकृत निर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन ठेकेदारों ने निर्धारित समय सीमा में अनुबंध निष्पादित नहीं किया है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किए जाएं। नोटिस के बाद भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुबंध निरस्त करने और संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने उन कार्यों पर भी नाराजगी जताई जिनका वर्क ऑर्डर जारी होने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं हुआ। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि वर्क ऑर्डर जारी होने के अधिकतम सात दिनों के भीतर प्रत्येक कार्य स्थल पर निर्माण शुरू होना चाहिए। अनावश्यक देरी करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तपस्या परिहार ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी उपयंत्री और अभियंता नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ ही पूरे हों। उन्होंने कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग और समय-समय पर साइट विजिट करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया। निगमायुक्त ने कहा कि यदि किसी परियोजना में अन्य विभागों से संबंधित बाधा आती है तो आपसी समन्वय और त्वरित बैठक के माध्यम से उसका समाधान किया जाए, ताकि विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो और नागरिकों को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
समीक्षा बैठक में कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, जयेंद्र प्रताप सिंह बघेल, शैलेन्द्र प्यासी, हिमांशु गौतम, राज ललित गुमास्ता, रवि हनौते, कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल सहित लोक निर्माण शाखा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित