राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।। बारिश का दौर शुरू होते ही कटनी शहर की सड़कों की हकीकत सामने आने लगी है। शहर के कई वार्डों, मुख्य मार्गों, बस स्टैंड, मिशन चौक सहित अनेक इलाकों में सड़क पर बने छोटे-छोटे गड्ढे अब वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। देखने में छोटे लगने वाले ये गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रहे हैं।
सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। बारिश का पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर फिसल जाते हैं। व्यस्त मार्गों पर लगातार बढ़ते यातायात के बीच यह स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है।
शहरवासियों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़कों की गुणवत्ता पर अब सवाल उठने लगे हैं। पहली ही बारिश में कई स्थानों पर सड़कें उखड़ने लगी हैं और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। लोगों का आरोप है कि समय पर मरम्मत नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि बस स्टैंड, मिशन चौक सहित शहर के सभी वार्डों और प्रमुख मार्गों पर क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
फिलहाल शहर की सड़कों पर बने ये गड्ढे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहे हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि जिम्मेदार विभाग कब तक इन समस्याओं का स्थायी समाधान करता है।