राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने कृषि उपज मंडी पहुंचकर किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान किसानों ने मूंग खरीदी में सीमित कोटा, डीएपी-यूरिया की कमी और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर अपनी परेशानियां कांग्रेस नेताओं के सामने रखीं।
किसानों का कहना था कि शासन द्वारा केवल 25 प्रतिशत मूंग की खरीदी किए जाने से बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने से वंचित हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, लगातार बारिश के बीच धान की रोपाई का कार्य जारी है, लेकिन सबसे अधिक जरूरत वाली डीएपी खाद उपलब्ध नहीं हो रही। किसानों का आरोप है कि डीएपी के स्थान पर अन्य उर्वरक दिए जा रहे हैं, जबकि समय पर डीएपी और यूरिया नहीं मिलने से खेती का काम प्रभावित हो रहा है। कई क्षेत्रों में पेट्रोल-डीजल की कमी की शिकायत भी किसानों ने की।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने राज्य सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि खेती के सबसे महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद और ईंधन जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि मूंग खरीदी का प्रतिशत बढ़ाया जाए, डीएपी और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, संजय गुप्ता, किसान नेता दिग्विजय सिंह, रमेश अहिरवार, विनोद अहिरवार, कपिल पटेल, हर्षित मिश्रा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।