मरीजों की निस्वार्थ सेवा का मिला सम्मान, अमलोह के डॉ. अमनदीप धिमान राज्य स्तर पर सम्मानित
अमलोह( अजय कुमार)
मरीजों के प्रति समर्पण, उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं और मानवीय व्यवहार का प्रतिफल सिविल अस्पताल अमलोह के एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अमनदीप धिमान को राज्य स्तरीय सम्मान के रूप में मिला है। पंजाब सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने उन्हें उत्कृष्ट एवं जनसेवा के प्रति समर्पित चिकित्सा सेवाओं के लिए सम्मानित किया। राज्य स्तरीय समारोह में पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।इस अवसर पर पूरे पंजाब से विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत केवल 59 चिकित्सकों का चयन उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के आधार पर किया गया। इनमें सिविल अस्पताल अमलोह के डॉ. अमनदीप धिमान का चयन उनकी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, मरीजों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में निभाई जा रही सराहनीय भूमिका के चलते हुआ।डॉ. धिमान ने मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और जरूरतमंदों की सेवा को हमेशा अपनी प्राथमिकता बनाया है। यही कारण है कि वे न केवल मरीजों, बल्कि अपने सहयोगियों और क्षेत्र के लोगों के बीच भी एक समर्पित एवं भरोसेमंद चिकित्सक के रूप में पहचान रखते हैं।
डॉ. धिमान की इस उपलब्धि पर सिविल अस्पताल अमलोह के एसएमओ डॉ. जशनप्रीत सिंह, अस्पताल के चिकित्सकों एवं समस्त स्टाफ के अलावा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और जनसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे अमलोह क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. धिमान आगे भी इसी समर्पण के साथ जनसेवा करते हुए चिकित्सा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगे।सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अमनदीप धिमान ने पंजाब सरकार और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए जिम्मेदारी और बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
फोटो कैप्शन:- डॉक्टर अमनदीप धीमान को सम्मान देते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ बलबीर सिंह