शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई एवं जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक की। जनसुनवाई के दौरान महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और छेड़छाड़ से जुड़े कुल 13 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों पक्षों को सुनकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से मामलों का निस्तारण करने तथा 15 दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में डॉ. चौहान ने महिला उत्पीड़न के मामलों में पुलिस से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने, पति-पत्नी विवादों में समझौते और जागरूकता के प्रयास बढ़ाने तथा महिलाओं की गुमशुदगी और मानव तस्करी की घटनाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नुक्कड़ नाटक और अन्य माध्यमों से महिलाओं को जागरूक करने पर भी जोर दिया।अध्यक्ष ने समाज कल्याण, महिला कल्याण, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने, आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने, विद्यालयों में महिला शौचालय, सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन, स्वच्छता व्यवस्था और आत्मरक्षा प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।बैठक के बाद डॉ. बबिता सिंह चौहान ने माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति, बेहतर उपचार, साफ-सफाई तथा जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत कन्या जन्मोत्सव मनाया गया, जहां नवजात बालिकाओं की माताओं को उपहार वितरित किए गए तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।
इसके बाद उन्होंने जिला जेल का निरीक्षण कर महिला बैरक, पाकशाला और शौचालय का जायजा लिया। महिला बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।