रायरंगपुर, मयूरभंज: भगवान श्रीजगन्नाथ की पवित्र बहुड़ा यात्रा के अवसर पर ओडिशा के रायरंगपुर में दो दिवसीय बहुड़ा रथयात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। परंपरा के अनुसार पहले दिन पुरुष श्रद्धालुओं ने रथ खींचा, जबकि दूसरे दिन महिलाओं द्वारा रथ खींचने की अनूठी परंपरा निभाई जाएगी।सुबह अवकाश, सूर्य पूजा, द्वारपाल पूजा, रोषहोम सहित सभी वैदिक अनुष्ठानों के बाद भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा को धाड़ी पहंडी के माध्यम से रथ पर विराजमान कराया गया। इसके बाद नगरपालिकाध्यक्ष एवं नगरपाल महाराजा अभिषेक पटनायक ने परंपरागत छेरा पहंरा की रस्म निभाई।रथयात्रा का शुभारंभ सांसद नवचरण माझी, विधायक जोलेन नायक, वरिष्ठ भाजपा नेता बापी दास, नवीन राम, एएसपी यदुनाथ जेना तथा एसडीपीओ वीरेंद्र सेनापति सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति में हुआ।झांझ, घंटा, कीर्तन, शंखध्वनि और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से रायरंगपुर का बड़ादांडा भक्तिमय माहौल में डूब गया। हजारों श्रद्धालुओं ने रथयात्रा में भाग लेकर भगवान के दर्शन किए। खुले आकाश के नीचे रथ पर विराजमान महाप्रभु के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। पहले दिन रथ गोलेई क्षेत्र तक पहुंचा, जहां यात्रा का पहला चरण संपन्न हुआ। अब रविवार को दूसरे दिन महिलाओं द्वारा रथ खींचे जाने के साथ बहुड़ा रथयात्रा का समापन होगा।