सुविधा शुल्क न देने पर अभद्रता और प्रतिकूल रिपोर्ट की धमकी का आरोप, एसपी बोले— जांच कर होगी कार्रवाई
सिद्धार्थनगर। इटवा थाना एक ओर अपनी प्रभावी पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था के लिए जिले में पहचान बना रहा है, वहीं दूसरी ओर थाना परिसर के कंप्यूटर कक्ष में तैनात एक पुलिसकर्मी पर लगे गंभीर आरोप चर्चा का विषय बने हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस वेरिफिकेशन का कार्य देख रहे पुलिसकर्मी सतीश गौड़ पर आरोप है कि वे वेरिफिकेशन कराने आने वाले लोगों से कथित रूप से सुविधा शुल्क की मांग करते हैं। आरोप है कि रकम न देने पर आवेदकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है तथा प्रतिकूल रिपोर्ट लगाने की धमकी भी दी जाती है। नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर एक व्यक्ति ने बताया कि पुलिसकर्मी द्वारा कथित रूप से अक्सर सुविधा शुल्क मांगा जाता है। आरोप है कि विरोध करने या पैसे न देने पर लोगों को यह कहकर डराया जाता है कि उनके विरुद्ध ऐसी रिपोर्ट लगा दी जाएगी कि “कप्तान साहब भी देखते रह जाएंगे।” इन आरोपों के चलते क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, इटवा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र अपनी साफ-सुथरी कार्यशैली और बेहतर छवि के लिए जाने जाते हैं।
इस पूरे मामले पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने कहा कि मामला गंभीर है। उन्होंने बताया कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि शिकायत सही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सुनील श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ सिद्धार्थ नगर