बबीना कैंटोनमेंट क्षेत्र के ऐतिहासिक मोती तालाब को पर्यटन एवं आकर्षण का केंद्र बनाने की दिशा में विकास कार्य तेजी से जारी हैं। इसी क्रम में बबीना कैंट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अभिषेक बिंद ने शुक्रवार को मोती तालाब का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सीईओ ने बताया कि मोती तालाब के सौंदर्यीकरण का प्रथम चरण (फेज-1) सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। इस चरण के अंतर्गत तालाब की व्यापक सफाई और परिसर को व्यवस्थित करने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी चरणों में भी विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे, जिससे पूरे तालाब क्षेत्र को और अधिक सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाया जा सके।उन्होंने बताया कि तालाब परिसर में प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिकांश स्थानों पर नई लाइटें स्थापित कर दी गई हैं। साथ ही, आगंतुकों के बेहतर अनुभव के लिए साउंड सिस्टम लगाने का कार्य भी किया जा रहा है। इन व्यवस्थाओं के पूर्ण होने के बाद शाम के समय मोती तालाब का वातावरण और अधिक आकर्षक दिखाई देगा।उन्होंने बताया कि विकास कार्य पूर्ण होने के बाद परिसर में सीमित संख्या में खानपान की स्टॉल भी स्थापित की जाएंगी, जिससे यहां आने वाले परिवारों, युवाओं एवं पर्यटकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मोती तालाब की स्वच्छता एवं संरक्षण में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य बबीना को एक स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्य पूर्ण होने के बाद मोती तालाब पूरे बबीना की पहचान और गौरव का केंद्र बनेगा।
Shakti Singh reporter
ITN national news jhansi