किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बेमेतरा। जिले के थानखम्हारिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पदमी में खेल मैदान पर कथित अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश उस समय फूट पड़ा, जब गांव में आयोजित राजस्व निपटारा शिविर में पहुंचे तहसीलदार और नायब तहसीलदार का ग्रामीणों ने घेराव कर उन्हें कुछ समय के लिए बंधक बना लिया। घटना से पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के खेल मैदान पर लंबे समय से रसूखदार लोगों का अवैध कब्जा है। इस संबंध में प्रशासन को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती गई। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचे अधिकारियों के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और खेल मैदान को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।
इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों ने तहसीलदार सरिता मढ़ारिया तथा नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू को चारों ओर से घेरकर मौके से जाने नहीं दिया।
तहसीलदार सरिता मढ़ारिया ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिनियम के तहत अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन संबंधित मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत अधिनियम की धारा 56 के तहत ग्राम पंचायत और ग्राम सभा को गांव में अतिक्रमण हटाने का अधिकार प्राप्त है तथा न्यायालय में लंबित प्रकरणों पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही थानखम्हारिया थाना पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली समझाइश और बातचीत के बाद ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
फिलहाल प्रशासन ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जबकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।