गोण्डा बीती रात में क्षेत्र के आर्य नगर चौराहे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 11 वर्षीय बालक और उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गई। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत गंगादीन पुरवा निवासी हरिओम जायसवाल अपनी पत्नी रीता देवी (32) और 11 वर्षीय पुत्र लकी जायसवाल के साथ अपनी सास के तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिए ससुराल आए हुए थे।
कार्यक्रम के बाद परिवार घर लौटने की तैयारी कर रहा था। हरिओम जायसवाल अपनी कार में बैठ चुके थे। इसी दौरान उनकी पत्नी रीता देवी उन्हें भोजन करने के लिए बुलाने आईं। तभी बहराइच की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक अचानक सड़क किनारे आ गया और जोरदार टक्कर मारते हुए रीता देवी और उनके पुत्र लकी जायसवाल को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि मां-बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट श्रीनाथ रस्तोगी
इंडियन टीवी न्यूज़ नैशनल
जिला स्वाददाता गोण्डा