किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित अश्लील हरकत करने के आरोप में जनरल फिजिशियन डॉ. सुधीर कुमार हिसीकर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग अपने दोस्त का मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए डॉक्टर के क्लीनिक गया था। आरोप है कि जांच के बहाने डॉक्टर उसे एक अलग कमरे में ले गया और वहां उसके साथ अनुचित व्यवहार करते हुए निजी अंगों को छुआ तथा गले लगाया।
घटना के बाद नाबालिग ने अपने दोस्तों और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन पद्मनाभपुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच और पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर पहले भी अवैध गर्भपात के एक मामले में जेल जा चुका है। वह मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला है और बीएएमएस (आयुर्वेद) की डिग्रीधारी है। उसकी पत्नी भी डॉक्टर हैं और ग्राम अंडा में संविदा पर पदस्थ हैं। दंपति द्वारा संचालित सेवा भारती मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर से जुड़े दस्तावेजों की भी पुलिस जांच कर रही है।
नोट: मामले की जांच जारी है। आरोपी पर लगे आरोपों का अंतिम सत्यापन न्यायिक प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही होगा।