किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर। राजधानी रायपुर के भनपुरी चौक से पहले हनुमान मंदिर के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने एक ईवी ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क किनारे नाले में जा गिरा, जबकि कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज गति से आ रही थी। टक्कर के बाद ऑटो उछलकर नाले में पलट गया, जबकि कार सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
बताया जा रहा है कि पोल से टकराते ही कार का एयरबैग खुल गया, जिससे कार चालक को गंभीर चोट आने से बचाव हुआ। हालांकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ऑटो में सवार यात्रियों और कार चालक सहित कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार किस दिशा से आ रही थी, उसमें कितने लोग सवार थे और ईवी ऑटो में कितने यात्री मौजूद थे। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।