चार्ज संभालते ही सख्त तेवर, नशा तस्करों व अपराधियों को थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह ढिल्लों की दोटूक चेतावनी
अमलोह (अजय कुमार)
अमलोह थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ढिल्लों ने कार्यभार संभालते ही साफ कर दिया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, नशा तस्करी में संलिप्त लोगों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा, अपराध पर प्रभावी अंकुश और क्षेत्र में अमन-शांति कायम रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उल्लेखनीय है कि इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ढिल्लों इससे पहले चमकौर साहिब में अपनी सेवाएं दे रहे थे। हाल ही में उनका तबादला अमलोह थाना में किया गया है, जहां उन्होंने थाना प्रभारी के रूप में कार्यभार संभाला है।कार्यभार ग्रहण करने के बाद इंस्पेक्टर ढिल्लों ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने, आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने या किसी भी गैरकानूनी कार्य में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान को पूरी गंभीरता से लागू किया जाएगा और नशा बेचने, खरीदने, तस्करी करने अथवा नशे का सेवन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में होने वाली प्रत्येक आपराधिक गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। चोरी, लूट, मारपीट और अन्य अपराधों में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि किसी को नशा तस्करी, आपराधिक गतिविधियों या किसी अन्य गैरकानूनी कार्य की जानकारी मिले तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करें। प्रत्येक सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही अपराध और नशे पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। क्षेत्र में कानून का राज स्थापित करना, अपराध पर लगाम कसना तथा प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।
फोटो कैप्शन: अमलोह थाना का कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ढिल्लों।