किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और लंबित रेल परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय भी मौजूद रहे।
बैठक में कटघोरा-डोंगरगढ़ (295 किमी) नई रेल लाइन परियोजना पर विशेष चर्चा हुई। प्रस्तावित परियोजना रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त उपक्रम (SPV) के माध्यम से विकसित की जाएगी। यह रेल लाइन कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी, जिससे कई क्षेत्रों को पहली बार रेल संपर्क मिलेगा।
इसके अलावा रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन, सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर, धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा और अंबिकापुर-बरवाडीह जैसी परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। रेल मंत्री ने इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रेलवे नेटवर्क का विस्तार छत्तीसगढ़ के औद्योगिक, कृषि, पर्यटन और जनजातीय क्षेत्रों के संतुलित एवं समावेशी विकास का मजबूत आधार बनेगा।