सीटी रिपोलोटर बिलाल खा।
विशेष संवाददाता | शुजालपुर
शुजालपुर रेलवे फाटक के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। चलती ट्रेन से नीचे उतरने के प्रयास में एक युवक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह पटरियों पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में युवक के पैर में फ्रैक्चर आया है। घटना के बाद ट्रेन के करीब 15 से 20 मिनट तक खड़े रहने के कारण अंडरब्रिज पर भीषण जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालापीपल तहसील के ग्राम रामपुरा निवासी विकास मीणा (पिता सोबरन मीणा) सीहोर से कालापीपल आने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। कालापीपल स्टेशन पर ट्रेन की स्पीड कम न होने के कारण वे समय पर उतर नहीं पाए। इसके बाद उन्होंने शुजालपुर में उतरने का मन बनाया, लेकिन यहाँ भी ट्रेन का स्टॉपेज नहीं था।
धीमी गति देख लगाई छलांग, बिगड़ा संतुलन शुजालपुर रेलवे फाटक के पास ट्रेन की रफ्तार कुछ धीमी हुई, तो विकास ने नीचे उतरने का प्रयास किया। हालांकि, ट्रेन की गति फिर भी अधिक होने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे जा गिरे। गिरने से उनके पैर की हड्डी टूट गई।
फाटक बंद रहने से अंडरब्रिज पर लगी भीड़ हादसे के तुरंत बाद ट्रेन नंबर 19490 (गोरखपुर–अहमदाबाद एक्सप्रेस) फाटक पार करने के बाद करीब 15 से 20 मिनट तक मौके पर ही खड़ी रही। इस दौरान रेलवे फाटक बंद रहने की वजह से ट्रैफिक पूरी तरह थम गया। वाहन चालकों द्वारा अंडरब्रिज से निकलने की होड़ में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।