दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह) उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक, जिसका उद्देश्य किसानों व कास्तकारों को गांव-गांव जोड़कर सहकारिता को मजबूत करना है, ने दुद्धी शाखा के शाखा प्रबंधक रामनरेश रावत के सेवानिवृत्ति अवसर पर कस्बा स्थित होटल ग्रीन स्टार में विदाई समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश कुमार मिश्र (निदेशक) ने अपने सम्बोधन में कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य सहकारिता को गांव-गांव तक पहुँचाना है ताकि अन्नदाता व किसान सस्ते दर पर ऋण पाकर विकास की मुख्य धारा से जुड़े।
राजेश कुमार मिश्र ने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी दुद्धी जैसे क्षेत्र में बैंक को सक्रिय और जीवंत बनाने के लिए सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक रामनरेश रावत ने अतुलनीय प्रयास किए। एक वर्ष में 80 लाख रुपए तक के लोन का वितरित कर बैंक की कार्यक्षमता बढ़ाने में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने आगे कहा कि रावत सेवानिवृत्ति के बाद सहकार भारती से जुड़ने का प्रयास करेंगे, जिससे उनका अनुभव सहकारिता क्षेत्र को लाभ पहुँचा सकेगा।
विशिष्ट अतिथि शैलेंद्र सिंह (आरएम, एलडीबी बैंक) ने उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहकारिता की भूमिका अहम है। सरकार की कृषि समृद्धि लोन योजना के तहत महज 6 प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास जारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम ने कहा कि बैंक को कठिन स्थिति से बाहर लाने में रामनरेश रावत के अथक परिश्रम का विशेष योगदान रहा। विंध्यवासिनी प्रसाद व अन्य वक्ताओं ने भी रावत के कार्य और व्यवहार की खुले दिल से प्रशंसा की।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावुक होते हुए रामनरेश रावत ने कहा कि उन्हें कभी-कभी कठिन परिस्थितियाँ झेलनी पड़ीं, पर निष्ठा और ईमानदारी से काम कर उन्होंने बैंक को आगे बढ़ाने में सफलता पायी। उन्होंने दुद्धी सहकारिता के परिवार, बैंक कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों के सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद आसिफ जमाल (प्रदेश कर्मचारी संघ महामंत्री) ने किया। मुख्य अतिथि ने सभी सहकारी सहयोगी संस्थाओं का निरीक्षण कर प्रसन्नता व्यक्त की। समारोह में भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ मंडल संयोजक जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, अजय कुमार मिश्र (वरिष्ठ प्रबंधक), शशि भूषण सिंह (शाखा अध्यक्ष, रॉबर्ट्सगंज), मोहन प्रसाद (प्रबंधक, डीसीबी), राम अचल, घनश्याम कुशवाहा, प्रमोद यादव, दिलीप तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।