ITN NEWS NATIONAL | बुरहानपुर
बुरहानपुर। शहर के राजेंद्र प्रसाद वार्ड क्रमांक 26 के डोम-डोम क्षेत्र में लंबे समय से दूषित एवं गंदे पेयजल की आपूर्ति से परेशान रहवासियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। वार्ड पार्षद अबरार अहमद के नेतृत्व में क्षेत्र के समस्त डोम-डोम वार्डवासियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में लगातार गंदे और दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। रहवासियों ने मांग की कि जलापूर्ति व्यवस्था की तत्काल जांच कर पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाए तथा स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया और दूषित पानी की आपूर्ति के कारण कोई भी नागरिक बीमार पड़ता है या उसके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर निगम, बुरहानपुर की होगी।
साथ ही पार्षद अबरार अहमद एवं समस्त डोम-डोम वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो नगर निगम कार्यालय का शांतिपूर्ण घेराव, धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
ITN NEWS NATIONAL
ब्यूरो रिपोर्ट: सैय्यद फारूक, बुरहानपुर