किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
भिलाई। सावन माह की पावन बेला में भिलाई की धरती पर आयोजित होने जा रही पूज्य पंडित श्री प्रदीप मिश्रा जी के श्रीमुख से होने वाली श्री शिवमहापुराण कथा के भव्य आयोजन का आज विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
भूमिपूजन के पश्चात श्री शिवमहापुराण कथा कार्यालय का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से कथा के सफल, निर्विघ्न एवं मंगलमय आयोजन की प्रार्थना की।
आयोजन समिति के अनुसार, यह धार्मिक आयोजन सावन माह में शिवभक्तों के लिए आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष केंद्र बनेगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, धर्म और आध्यात्मिक जीवन के संदेशों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।
यह दिव्य श्री शिवमहापुराण कथा 17 अगस्त से 23 अगस्त तक जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर, भिलाई में आयोजित की जाएगी। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।