बारिपदा, 2 अगस्त। द्वितीय राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के तहत रविवार को बारिपदा के बड़ा बाजार स्थित सरकारी महिला महाविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय नाटक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा रंगमंच से जुड़े युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सागरिका सिंह ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के संयोजक, महासचिव एवं वरिष्ठ रंग निर्देशक चिन्मय कुमार दासपट्टनायक ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ नए नाटककारों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ ओड़िया भाषा और साहित्य को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।महोत्सव के कार्यकारी सचिव राजीव कुमार पात्र ने बताया कि नाटक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रदीप किशोर महांति, प्रयाश शतपथी, प्रदीप सरघरिया, ज्ञानरंजन पंडा, डॉ. चंद्रशेखर दास, डॉ. स्वागतिका मिश्रा तथा सुजय महांति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के अंतर्गत हाईस्कूल एवं प्राथमिक विद्यालय स्तर पर एकल अभिनय, मूक अभिनय, नृत्य, मंच संचालन, म्यूजिकल चेयर तथा फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की अंतिम संध्या में सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा कर उन्हें सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
रिपोर्ट: हिमांशु शेखर प्रहराज, मयूरभंज।