किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
दुर्ग पुलिस को हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता मिली है। थाना उतई पुलिस ने करीब दो साल से फरार चल रहे हत्या के आरोपी सुमित हीरानंद लालवानी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना उतई में दर्ज अपराध क्रमांक 240/2024 के तहत हत्या के मामले में पहले ही दीपजोत कौर संधु उर्फ निक्की और एक नाबालिग को 14 अगस्त 2024 को गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं तीसरा आरोपी सुमित हीरानंद लालवानी घटना के बाद से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी की लोकेशन नागपुर में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे होने की बात कही जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9,000 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और कानून से बचने की हर कोशिश को विफल किया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि फरार अपराधियों या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।