किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 191.525 किलोग्राम गांजा के साथ पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने छह चक्का ट्रक में लदी भारी मशीनरी के नीचे सात बोरियों में गांजा छिपाकर रखा था, ताकि किसी को शक न हो। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद लाल और उसके 19 वर्षीय बेटे मोहम्मद रुस्तम के रूप में हुई है। मोहम्मद लाल मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले का निवासी है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में परिवार के साथ रहता है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के सुहेला क्षेत्र से गांजा लेकर नागपुर जा रहे थे। तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, उसमें लदी हैवी मशीनरी और गांजा की पूरी खेप पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कमिश्नरेट रायपुर में अब तक की कार्रवाई में यह गांजा की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है। मामले में केवल वाहकों की गिरफ्तारी तक जांच सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांजा सप्लाई चेन से जुड़े पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है।
फिलहाल आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस खेप का अंतिम गंतव्य कौन था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।