किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले ने नकली नोटों के संभावित नेटवर्क की आशंका को जन्म दिया है। फर्म संचालक उमेश गुप्ता की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के अनुसार, आरोपितों ने 1.13 करोड़ रुपये के बदले 45 करोड़ रुपये के नकली नोट उपलब्ध कराने का सौदा किया था।
शिकायत के मुताबिक, दोनों पक्षों को पहले से यह जानकारी थी कि दिए जाने वाले नोट असली नहीं, बल्कि नकली होंगे। आरोप है कि इन नकली नोटों को बाद में बाजार में खपाने की योजना थी। लेकिन तय सौदे के अनुसार नकली नोट भी नहीं दिए गए और आरोपित 1 करोड़ 13 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले का संबंध किसी बड़े नकली नोट गिरोह से है या नहीं।
नोट: यह मामला एफआईआर में दर्ज शिकायत और आरोपों पर आधारित है। पुलिस जांच जारी है और आरोप अभी न्यायिक रूप से सिद्ध नहीं हुए हैं।