दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुलालझरिया के कर्री गांव में रविवार दोपहर करीब 12 बजे आपसी पारिवारिक विवाद के दौरान कुल्हाड़ी लगने से 50 वर्षीय नरेशपाल पुत्र स्व देवपत पाल घायल हो गए।घायल नरेशपाल के सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, डायल-112 के जवान विकास गौतम एवं आशीष कुमार मौके पर पहुंचे तो घायल नरेशपाल ग्राम प्रधान के घर पर मौजूद मिले। पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ईएमटी दीपक कुमार एवं चालक विजय राजभर ने घायल को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।
घायल नरेशपाल ने बताया कि वह अपने पुत्र सत्यम से खेत की पाही पर जाने के लिए कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और पुत्र ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि इलाज के बाद कोतवाली में तहरीर देंगे।
वहीं, पत्नी उषा देवी का कहना है कि नरेशपाल अक्सर शराब के नशे में घर में विवाद करते हैं। रविवार को भी वह नशे की हालत में कुल्हाड़ी लेकर घर के सदस्यों को दौड़ा रहे थे। इसी दौरान पुत्र सत्यम उनसे कुल्हाड़ी छीनने का प्रयास कर रहा था, तभी कुल्हाड़ी फिसलकर नरेशपाल के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और पूछताछ के लिए पुत्र सत्यम को अपने साथ कोतवाली ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।