सहारनपुर। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए भारी बारिश के बीच भी सहारनपुर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ डटी हुई है। मंगलवार को तेज बारिश के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन खुद सड़क पर उतरे और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का मोर्चा संभाला। भारी बरसात के बीच एसएसपी अभिनंदन छाता लेकर सड़क पर पुलिसकर्मियों के साथ ड्यूटी करते नजर आए। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसएसपी ने शिवभक्त कांवड़ियों से अपील करते हुए कहा कि वे सावधानी और आराम के साथ अपनी यात्रा पूरी करें तथा सुरक्षित रूप से अपने घरों और शिवालयों तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति के साथ-साथ अपने माता-पिता, अभिभावकों और परिवार की चिंता करना भी जरूरी है। सभी कांवड़िए यातायात नियमों और सुरक्षा व्यवस्था का पालन करें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। भारी बारिश के बावजूद जनपद में बड़ी संख्या में पुलिस बल कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने में जुटा हुआ है। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार कांवड़ मार्गों पर निगरानी बनाए हुए हैं। अधिकारियों का प्रयास है कि शिवभक्तों की यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न हो।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़