रामजी तिवारी मड़ावरा
जिला ब्यूरो ललितपुर
ललितपुर, 22 अगस्त। जाखलौन में कांग्रेस सृजन संगठन के तहत न्याय पंचायत स्तर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी संगठन चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया।
बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष दयाराम रजक ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह चंदेल ने किया। मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता गुड्डू राजा बुन्देला रहे।
मुख्य अतिथि गुड्डू राजा बुन्देला ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है। संगठन चुनाव के माध्यम से जमीनी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाकर संगठन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर पर सक्रिय होकर आमजन की समस्याओं को उठाने तथा आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष दयाराम रजक ने कहा कि कांग्रेस संगठन की मजबूती की शुरुआत बूथ और ग्राम पंचायत स्तर से होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने तथा गांव-गांव तक कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन चुनाव में सक्रिय, निष्ठावान और मेहनती कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
तीनों न्याय पंचायत अध्यक्षों ने भी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आपसी समन्वय से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने की बात कही। बैठक में शंकर सिंह यादव, सुंदरलाल कुशवाहा, भोलू अहिरवार, सम्राट सिंह कुशवाहा, संतोष राय, गोकुल प्रसाद नामदेव, लक्ष्मी प्रसाद वर्मा, रामगोपाल यादव, संजय जैन, अविनाश सोनी, राजू राजा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में राजीव शर्मा ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।