छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। भिलाई-3 जीआरपी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ट्रेन यात्रियों के पर्स और एटीएम कार्ड चोरी कर ठगी करने वाले एक कथित अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 12 एटीएम कार्ड, 4 सिम कार्ड और 1 मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार दुबे के रूप में हुई है। जीआरपी टीम ने घेराबंदी कर उसे पावर हाउस रेलवे स्टेशन से पकड़ा।
एटीएम कार्ड से उड़ाए 97,500 रुपये
मामले की शुरुआत सेक्टर-6 निवासी कन्हैया भगत की शिकायत के बाद हुई। शिकायत के मुताबिक ट्रेन में सफर के दौरान उनका पर्स चोरी हो गया था। पर्स में रखे एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर आरोपी ने कथित तौर पर 97,500 रुपये निकाल लिए थे।
शिकायत मिलने के बाद जीआरपी और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
एटीएम से खरीदे सोने के झुमके
पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा कथित तौर पर वारदात का तरीका भी सामने आया। पुलिस के मुताबिक वह चोरी किए गए एटीएम कार्ड से सीधे बड़ी रकम निकालने के बजाय पहले करीब 75 हजार रुपये के सोने के झुमके खरीदता था। इसके बाद इन झुमकों को कथित तौर पर ग्वालियर में बेचकर नकदी हासिल करता था।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी इस तरीके का इस्तेमाल इसलिए करता था, ताकि सीधे बड़े कैश ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड सामने न आए।
छह राज्यों में वारदात का खुलासा
जांच के दौरान पुलिस के सामने यह भी जानकारी आई है कि आरोपी ने कथित तौर पर छत्तीसगढ़ समेत देश के छह अलग-अलग राज्यों में ट्रेन यात्रियों के पर्स, एटीएम कार्ड चोरी और उनसे जुड़ी ठगी की कई वारदातों को अंजाम दिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके पुराने मामलों, संभावित साथियों और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि बरामद किए गए एटीएम कार्ड किन-किन मामलों से जुड़े हैं।
जीआरपी और साइबर सेल की इस कार्रवाई से ट्रेन यात्रियों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।