*#जोधपुर*
*निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण गंभीरता, निष्पक्षता एवं उत्तरदायित्व के साथ करें कार्य : राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह*
*-मतगणना की व्यवस्थाओं में किसी स्तर पर न रहे शिथिलता, सुरक्षा एवं पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*
जोधपुर, 30 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने कहा कि पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जोधपुर जिले में दो चरणों में मतदान प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। अब मतगणना सहित निर्वाचन के आगामी कार्यों को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाना जिला निर्वाचन कार्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की स्वतंत्रता एवं निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन कार्य में नियुक्त समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण गंभीरता, सजगता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
श्री सिंह शुक्रवार को संभागीय आयुक्त कक्ष में आयोजित निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। मतगणना केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। मतगणना प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखा जाए।
*मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें, कार्मिकों को दिया जाए समुचित प्रशिक्षण*
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिले में निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों के प्रशिक्षण एवं निर्वाचन व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में नियुक्त कार्मिकों को उनके दायित्वों एवं प्रक्रिया के प्रत्येक पहलू से भलीभांति अवगत करवाया जाए। मतगणना कार्य में नियोजित कार्मिकों का भी आवश्यक प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतगणना निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने मतगणना केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने तथा ईवीएम की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल की प्रभावी पालना के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नामांकन एवं विजय जुलूस पूर्णतः प्रतिबंधित हैं तथा इस संबंध में जारी निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए।
श्री सिंह ने जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को निरंतर सक्रिय एवं मुस्तैद रखने तथा निर्वाचन से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के मध्य प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी प्रत्येक घटनाक्रम पर सतत निगरानी रखें तथा किसी भी स्थिति में त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पहली बार प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशालाओं का आयोजन करवाया गया, जिससे प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया एवं निर्वाचन से संबंधित विभिन्न प्रावधानों की समुचित जानकारी उपलब्ध हो सकी।
इससे पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का अवलोकन कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
*स्वीप गतिविधियों एवं मतदाता सुविधा के लिए किए गए नवाचारों की सराहना*
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिले में मतदाता जागरूकता के लिए संचालित स्वीप गतिविधियों एवं नवाचारों की सराहना की। उन्होंने मतदान केंद्रों पर महिला कांस्टेबल की नियुक्ति तथा वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान में सहयोग प्रदान करने के लिए व्हीलचेयर, स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधियों की सेवाएं लेने की पहल को उपयोगी बताया।
*संभाग के सभी जिलों में निर्वाचन व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा के निर्देश*
बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने संभागीय आयुक्त श्री कन्हैया लाल एवं पुलिस महानिरीक्षक श्री सत्येंद्र सिंह से संभाग के अन्य जिलों में निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि संभाग मुख्यालय के साथ ही सभी जिलों में निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा की जाए तथा प्रशासन एवं पुलिस के मध्य प्रभावी समन्वय बनाए रखा जाए। पुलिस महानिरीक्षक ने संभाग के विभिन्न जिलों की कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
*मतगणना की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी जानकारी*
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आलोक रंजन ने जिले में प्रथम एवं द्वितीय चरण के मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अब मतगणना के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा, कार्मिकों की नियुक्ति एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी अवगत कराया।
निर्वाचन पर्यवेक्षक एवं जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवर लाल ने निर्वाचन प्रक्रिया के पर्यवेक्षण एवं अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी दी।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आशीष कुमार मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
——–
